चंबा। कसाकड़ा स्थित बस स्टैंड में सोमवार दोपहर के समय निजी बस चालक और दो युवाओं में जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के लोग लहूलुहान हो गए हैं।
युवकों पर निजी बस चालक की लात-घूंसों से पिटाई करने का आरोप है। दूसरी ओर, निजी बस चालक की ओर से भी युवकों की पिटाई करने की बात कही जा रही है। घटना के समय बस स्टैंड में सवारियों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बीचबचाव कर दोनों पक्षों को छुड़वाया। इसके बाद चोटिल चालक पुलिस चौकी पहुंचा।
पुलिस ने चालक की शिकायत के आधार पर उसका मेडिकल करवाया। इसके बाद दोनों युवक भी पुलिस चौकी पहुंच गए। पुलिस ने युवकों का भी मेडिकल करवा लिया है। अब दोनों पक्षों की मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू होगी।
सोमवार दोपहर करीब 12:00 बजे निजी चालक बस लेकर पहुंचा। बस को काउंटर पर लगाने के बाद चालक उतर आया। कुछ देर बाद लोगों की भीड़ में से दो युवक आए और चालक से बहस करने लगे। देखते ही देखते बात मारपीट तक पहुंच गई। चालक के लहूलुहान होने पर बस स्टैंड में खड़ी सवारियों ने मामला शांत करवाया।
निजी बस चालक-परिचालक ऑपरेटर यूनियन के प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि बस स्टैंड में दो युवकों ने चालक के साथ मारपीट की है। इस वजह से बस भी निर्धारित रूट पर नहीं जा सकी। दोपहर बाद तक बस अपने काउंटर पर ही खड़ी रही। बताया कि मंगलवार को यूनियन के पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसके बाद ही आगामी कदम उठाने को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी।
पुलिस चौकी चंबा के प्रभारी हंसराज ने बताया कि दोनों पक्षों के बयानबद्ध करने के बाद उन्हें मेडिकल करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया है। बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।