30 सितंबर को सेवा अवधि पूरी करने वाले शिक्षकों को मिलेगा लाभ, निदेशालय भेजी जाएगी पात्रता सूची
लंबे इंतजार पर विराम की तैयारी, विभाग ने फील्ड से प्राप्त की पात्र शिक्षकों की सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा के तहत कार्यरत करीब 200 टीजीटी शिक्षकों के नियमितीकरण का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। 30 सितंबर 2026 को दो वर्ष की सेवा अवधि पूरी करने वाले पात्र शिक्षकों को नियमितीकरण का लाभ मिलने की संभावना है। इसके लिए प्रारंभिक शिक्षा विभाग के पास फील्ड से पात्र शिक्षकों की सूची पहुंच गई है।
विभागीय स्तर पर अब सूची की जांच और शिक्षकों की सेवा अवधि व पात्रता का सत्यापन किया जाएगा। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सूची आगामी कार्रवाई के लिए शिक्षा निदेशालय भेजी जाएगी। इसके आधार पर पात्र शिक्षकों के नियमितीकरण संबंधी आदेश जारी किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। विभागीय प्रक्रिया शुरू होने से लंबे समय से नियमितीकरण का इंतजार कर रहे शिक्षकों में खुशी है।
करीब 200 शिक्षकों को नियमितीकरण का लाभ मिलने से उनकी सेवा स्थिति मजबूत होगी। साथ ही लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा भी समाप्त होने की उम्मीद है। विभाग की ओर से पात्रता और सेवा संबंधी सभी रिकॉर्ड की जांच नियमानुसार की जाएगी, ताकि नियमितीकरण की प्रक्रिया में किसी तरह की कमी न रहे।
प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा के उपनिदेशक मनोहर लाल ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पात्र शिक्षकों की सूची तैयार कर ली गई है। इसे आगामी कार्रवाई के लिए निदेशालय भेजा जाएगा।