संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। बनीखेत क्षेत्र के तहत विभिन्न क्वारंटीन केंद्रों में क्वारंटीन महिलाओं की सुविधा के लिए डलहौजी प्रशासन ने दो महिला कर्मियों (गृहरक्षक) की तैनाती कर दी है।
इससे क्वारंटीन महिलाएं किसी प्रकार की दिक्कत होने पर महिला कर्मियों को सूचित कर सकेंगी। महिलाओं की इस समस्या को प्रदेश के अग्रणी समाचार पत्र ‘अमर उजाला’ ने मंगलवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर का असर यह रहा कि इन सेंटरों में डलहौजी प्रशासन ने महिला कर्मियों की तैनाती कर दी है।
गौरतलब है कि पिछले दो सप्ताह से बाहरी राज्यों में रहने वाले हिमाचली बड़ी संख्या में जिले में प्रवेश कर रहे हैं। इन लोगों को प्रशासन संस्थागत क्वारंटीन कर रहा है। बाहरी राज्यों से आए लोगों में महिलाएं भी शामिल हैं।
मगर क्वारंटीन केंद्रों में पुरुष कर्मी ही तैनात थे। इस वजह से महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रह था। इसको देखते हुए अब डलहौजी प्रशासन ने महिलाओं की सुविधा के लिए जहां महिलाएं क्वारंटीन हैं, वहां महिला कर्मियों की तैनाती कर दी है।
एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर ने बताया कि यह मामला ध्यान में आते ही उन केंद्रों में महिला कर्मियों की तैनाती कर दी गई है, जहां बाहरी राज्यों से आईं महिलाएं क्वारंटीन हैं। हर व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है, ताकि क्वारंटीन लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न पेश आए।