भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर उपमंडल के भरमौर कस्बे में 42 लाख से स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसकी टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करवाई जाएगी।
यह जानकारी अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर पीपी सिंह ने विद्युत बोर्ड चंबा के अधिशासी अभियंता पवन शर्मा के साथ भरमौर में विद्युत आपूर्ति की समस्याओं को लेकर आयोजित बैठक में दी। उन्होंने कहा कि जल्द इस काम को धरातल पर उतारने के लिए विशेष कार्य योजना को पूरा किया जाएगा।
इसके लिए भरमौर कस्बे में ओवरहेड केबल तार बिछाए जाएंगे। इसके बाद घरों के ऊपर से गुजरने वाले लाइनों को हटवाया जाएगा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर ने कहा कि भरमौर क्षेत्र पावर जनरेशन एरिया है। लिहाजा यहां पर लोगों को निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति दिलवाने के लिए गरोला लाहल- दिनका- भरमौर के बीच में कम स्पेन पर विद्युत खंभे लगवाने के लिए प्राक्कलन तैयार करवाएं।
इससे बर्फबारी, वर्षा और अंधड़ के दौरान विद्युत लाइनों को क्षति न पहुंचे। इसके साथ ही विद्युत आपूर्ति में बार-बार ट्रिपिंग न हो। उन्होंने भरमौर कस्बे के लिए अंडर ग्राउंड विद्युत केबल वायर डलवाने की संभावनाओं को तलाशने के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिए।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर ने कहा की भरमौर मंडल के दूरदराज की ग्राम पंचायतों न्याग्रां और बाजोल के गांव धारड़ी ग्राउंडा के लिए भी नई प्रपोजल बनाकर तैयार की जाए।