चंबा। रक्षाबंधन पर भाइयों तक बहनों के प्यार की डोर पहुंचने के लिए डाक विभाग तैयार है। डाक विभाग चंबा सहित सभी शाखाओं में राखियों भेजने के लिए लिफाफे पहुंच गए हैं।
जिला, प्रदेश या राज्य से बाहर रह रहे भाइयों के लिए राखी भेजने के लिए बहनों ने लिफाफों की खरीद शुरू कर दी है। सभी डाकघरों में यह लिफाफा 10 रुपये में उपलब्ध है। अभी तक लगभग दो हजार लिफाफे पहुंचे हैं। त्योहार नजदीक आते ही विभाग और लिफाफे मंगवाएगा।
रक्षाबंधन पर बहनें दूरदराज में रहने वाले अपने भाइयों को राखी भेजती हैं। डाकघर की ओर से राखी के लिए लिफाफे हर साल ही जारी किए जाते हैं। इनमें राखियां पूरी तरह से सुरक्षित रहती हैं। बहनें डाकघर से लिफाफे खरीदकर अपने भाइयों को राखियां भेज सकेंगी। इन्हें समय से पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। डाकघरों में राखियों के लिए लिफाफा सिर्फ दस रुपये में उपलब्ध होगा। राखी भेजने के लिए स्पीड पोस्ट या रजिस्ट्री के लिए अलग से शुल्क देय होगा। रक्षाबंधन पर राखियों के लिए 2000 लिफाफों की मांग की गई थी।