चंबा। जिले में अंधड़ के चलते दो सरकारी स्कूल भवनों की छत क्षतिग्रस्त हो गई है। यह घटना बुधवार को पेश आई। गनीमत रही कि स्कूल के आसपास कोई नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
इससे विभाग को लाखों का नुकसान हुआ है। शिक्षा विभाग ने भी प्राक्कलन तैयार करने के बारे में आदेश जारी कर दिए हैं। वहीं, स्कूल से भी ब्योरा मांगा गया है।
शिक्षा खंड कियाणी के तहत राजकीय केंद्रीय पाठशाला बालेरा और शिक्षा खंड चंबा के तहत आती पाठशाला कुंडाधार-1 भवन की छत अंधड़ के कारण क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे कमरों में भी बारिश का पानी गिरना शुरू हो गया है।
वर्तमान में लॉकडाउन के चलते स्कूल बंद है। क्षेत्र में बुधवार को मौसम खराब रहा और अंधड़ के चलते स्कूल की छत को नुकसान हुआ है। स्कूल प्रबंधन की ओर से मामले की सूचना शिक्षा विभाग को दी गई। इसके बाद विभाग ने प्राक्कलन तैयार करने के बारे में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
प्राक्कलन पहुंचने के बाद मरम्मत के बारे बजट का प्रावधान करने की मांग की जाएगी। जिले में पिछले तीन दिनों से तेज अंधड़ चल रहा है। इसको देखते हुए शिक्षा विभाग ने सभी खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में स्कूलों की स्थिति की जानकारी भेजें। अगर किसी स्कूल भवन को अंधड़ के कारण नुकसान हुआ है, तो तुरंत इसकी सूचना कार्यालय को दें।
उप जिला शिक्षा अधिकारी हितेंद्र कुमार ने बताया कि अंधड़ के कारण दो स्कूल भवनों की छतों का नुकसान पहुंचा है। इससे लाखों का नुकसान हुआ है।