पठानिया ने किया शिलान्यास, पीएमजीएसवाई के तहत 103 करोड़ की 13 परियोजनाएं स्वीकृति के लिए भेजीं
जून 2027 तक सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
चुवाड़ी (चंबा)। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने शुक्रवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र की धुलारा और मनहूता पंचायतों में 1.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली दो संपर्क सड़कों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क मजबूत करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
पठानिया ने धुलारा में 78 लाख रुपये की माता मनसा देवी मंदिर संपर्क सड़क और मनहूता में 88 लाख रुपये की सियूण खड्ड संपर्क सड़क की आधारशिला रखी। डुंगरेड में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप करवाया जाएगा ताकि लोगों को सुरक्षित और बारहमासी आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के तहत 103 करोड़ रुपये की 13 सड़क परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट स्वीकृति के लिए भेजी गई हैं। वहीं 109 करोड़ रुपये की 12 सड़क परियोजनाओं पर निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने जून 2027 तक क्षेत्र के सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
पठानिया ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भटियात में 156 किलोमीटर से अधिक नई सड़कों का निर्माण और उन्नयन किया गया है। सियूण में उन्होंने गोधरा-सियूण संपर्क सड़क को पक्का करने और सियूण खड्ड सड़क को रायपुर संपर्क सड़क तक विस्तारित करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी पंचायत प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।