बनीखेत (चंबा)। पठानकोट में निजी अस्पताल की कोरोना पॉजिटिव आई डॉक्टर के संपर्क में आए जिले के दो लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने होम क्वारंटीन कर दिया है।
इसके साथ ही उनके सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पठानकोट के एक निजी अस्पताल की महिला चिकित्सक कई दिन पहले कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
इस डॉक्टर से जांच करवाने के लिए चंबा की बगढार पंचायत से एक व्यक्ति भी 24 अप्रैल को पठानकोट में गया था। यहां पर व्यक्ति और उसका बेटा महिला चिकित्सक के संपर्क में आए थे।
जैसे ही महिला चिकित्सक के कोरोना पॉजिटिव होने का खुलासा हुआ। इसके बाद निजी अस्पताल को सील कर दिया गया। इसके साथ ही महिला चिकित्सक के संपर्क में आए सभी लोगों की तलाश शुरू करके उन्हें क्वारंटीन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में पुलिस को पता चला कि बगढार पंचायत के दो लोग भी उक्त महिला चिकित्सक के संपर्क में आए हैं। पुलिस ने सबसे पहले उनके घर में जाकर उन्हें क्वारंटीन पर रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बगढार में जाकर पिता और बेटे दोनों के सैंपल लिए। इनकी जांच टांडा मेडिकल कॉलेज में होगी।