चंबा-साहो मार्ग पर पल्यूर बस स्टैंड के समीप चक्का जाम के दौरान सड़क पर बैठे ग्रामीण। संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। चंबा-साहो मार्ग पर स्थित पल्यूर बस अड्डे में ग्रामीणों ने सुबह दो घंटे नौ से ग्यारह बजे तक चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों में बीते दिनों निजी बस की चपेट आने से आईटीआई प्रशिक्षु के चोटिल होने और ऑपरेटर के अपनी जिम्मेदारियों से पीछे हटने के कारण रोष है। चक्का जाम होने से चंबा और साहो की ओर से छोटे और बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम से गाड़ियों में सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थी वर्ग समेत ग्रामीणों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
आखिरकार दो घंटे के बाद 11:00 बजे निजी बस मालिक ने मौके पर पहुंचकर जो भी लोगों की मांगें थीं, उन्हें मानने का आश्वासन दिया। उसके बाद ग्रामीणों ने मार्ग को वाहनों के लिए बहाल किया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
वार्ड सदस्य मनेश कुमार सहित ग्रामीणों मनोज कुमार, राकेश कुमार, संजय कुमार, रविंद्र कुमार, भुवनेश कुमार आदि ने बताया कि चंबा-साहो मार्ग पर चलने वाली निजी बसेें हादसों को न्योता दे रही हैं। बीते दिनों बालू नामक स्थान पर निजी आईटीआई में पढ़ने जा रही एक युवती निजी बस की चपेट में आने से घायल हो गई थी।
इसके बाद पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मार्ग पर पुलिस गश्त बढ़ाने सहित अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
निजी बस ऑपरेटर नरेश महाजन ने बताया कि दुर्घटना में बच्ची घायल हुई है। उसके उपचार का खर्च वह स्वयं वहन करेंगे। साथ ही बच्ची के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करेंगे।