चंबा के पांगी में पुर्थी रूट की बस को धक्का मारकार एक तरफ करते लोग।स्रोत जागरूक पाठक
पांगी (चंबा)। पांगी घाटी में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की खटारा बसों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को निगम की दो बसें बीच रास्ते में हांफ गईं तो एक बस को रूट पर भेजा ही नहीं गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह पुर्थी से सवारियां लेकर निकली एचआरटीसी की एक बस तीन किलोमीटर चलकर हांफ गई। इस दौरान ठंड के बीच लोग सड़क पर ठिठुरते रहे। हैरानी की बात है कि एचआरटीसी प्रबंधन ने मौके पर किसी भी मेकेनिक को नहीं भेजा। लोगों जैसे-तैसे अपने गंतव्यों पर पहुंचे।
वहीं, शाम 4 बजे किलाड़ से शोर बस सवारियों को लेकर रवाना हुई और महालु नाले के पास खराब हो गई। जिस कारण सवारियों को परेशानियां उठानी पड़ी। इसके अलावा शाम 3:30 बजे किलाड़ से पुर्थी रूट की बस को भेजा ही नहीं गया। जिस कारण पांच पंचायतों के लोगों को मजबूरन निजी टैक्सियां हायर कर अपने गंतव्यों का रुख करना पड़ा। ग्रामीण मनोहर लाल, रविंद्र कुमार, संजीव कुमार, केसर सिंह, दलीप कुमार और मोहन सिंह ने पांगी प्रशासन से मांग उठाई है कि पांगी में खटारा बसों की मरम्मत करवा कर ही रूटों पर भेजा जाए।