चंबा बचत भवन में कार्यक्रम के दौरान मौजूद कविकार और अन्य। संवाद
चंबा। प्रदेश के शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने जिला मुख्यालय चंबा में डॉ. प्रशांत रमन के काव्य संग्रह पहाड़ में प्रार्थना का विमोचन किया। इस दौरान राकेश कंवर ने विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व और इसके विभिन्न पहलुओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। विद्यार्थियों ने कॅरियर और संस्कृति के बारे में प्रश्न किए, जिनका उन्हाेंने विस्तार से जवाब दिया।
भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश और हिमाचल कला संस्कृति एवं भाषा अकादमी के संयुक्त तत्वाधान में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें चंबा के प्रमुख समाजसेवी पद्मश्री विजय शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय धर्मशाला के प्रोफेसर चंद्रकांत, कवि एवं लेखक अजेय, सहायक प्रोफेसर (हिंदी) स्नेहदीप तथा डॉ सत्यनारायण स्नेही सहित अनेक वक्ताओं ने डॉ. प्रशांत के नव विमोचित काव्य संग्रह पहाड़ में प्रार्थना के संबंध में लेखक के काव्य संग्रह से जुड़े विभिन्न विषयों के संबंध में अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर राकेश कंवर ने डॉ. प्रशांत रमन रवि द्वारा पहाड़ में प्रार्थना नामक काव्य संग्रह के माध्यम से समाज को शिक्षित व संवेदनशील बनाने के प्रयासों की सराहना की।