रविवार रात करीब नौ बजे कल्याण सिंह के घर के बाहर दिखे भालू, वन विभाग से कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ग्राम पंचायत ब्रेही के बटनू गांव में रविवार रात दो भालू कल्याण सिंह के घर के आंगन में घुस आए। गनीमत रही कि उस समय परिवार का कोई सदस्य बाहर नहीं था। रिहायशी बस्ती में भालुओं की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीण कल्याण सिंह, रवि कुमार, चमन सिंह, टेक चंद और केवल कुमार ने बताया कि रात करीब नौ बजे दो भालू घर के आंगन में पहुंच गए। उन्होंने वन विभाग से भालुओं को बस्ती से दूर रखने के लिए उचित कदम उठाने की मांग की है।
मुख्य वन अरण्यपाल राकेश कुमार ने बताया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने के लिए विभाग ग्रामीण स्तर पर जागरूकता शिविर लगा रहा है। ब्रेही पंचायत में भी वन्यजीवों को रिहायशी बस्ती से दूर रखने के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।