फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chamba News: मिट्टी डालने से दलदल में फंसा ट्रक, पांच घंटे थमे रहे वाहनों के पहिये

विज्ञापन
मिट्टी डालने से दलदल में फंसा ट्रक, पांच घंटे थमे रहे वाहनों के पहिये
विज्ञापन
मैहला (चंबा)। विकास खंड मैहला की ग्राम पंचायत में लोक निर्माण विभाग की लापरवाही से मुख्य सड़क दलदल में तब्दील हो गई। शुक्रवार दोपहर करीब 2:50 बजे बस अड्डे से महज 500 मीटर की दूरी पर एक भारी ट्रक कीचड़ में बुरी तरह धंस गया। ट्रक के बीच रास्ते में फंसने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
विज्ञापन

इस दौरान पालमपुर से कूंर जाने वाली निजी बस और कूंर से चंबा के बीच चलने वाली बस के साथ-साथ स्थानीय लोगों की करीब 20 छोटी-बड़ी गाड़ियां भी जाम में फंस गईं। अचानक मार्ग अवरुद्ध होने से बसों में सवार यात्रियों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा। कई घंटे तक लोग गाड़ियां निकलने का इंतजार करते रहे।
स्थानीय निवासियों तेजू राम, मौजा राम, पंकज और अर्जुन ने बताया कि बस अड्डे से पीछे लगभग 800 मीटर सड़क का हिस्सा लंबे समय से कच्चा पड़ा है। हाल ही में विभाग के कर्मचारियों ने गड्ढे भरने के नाम पर इस खस्ताहाल हिस्से में केवल मिट्टी डाल दी थी। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद यह मिट्टी फिसलन भरे दलदल में बदल गई, जिससे यह हादसा हुआ।
विज्ञापन

ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि हर बरसात में यहां यही स्थिति पैदा हो जाती है। जरा सी बारिश होते ही सड़क पर गाड़ियों का चलना दूभर हो जाता है। उन्होंने विभाग से मांग की है कि इस 800 मीटर हिस्से को पेवर ब्लॉक या सीमेंट कंक्रीट से पक्का किया जाए। कड़ी मशक्कत के बाद रात करीब आठ बजे दलदल में फंसे ट्रक को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद ही बसें और अन्य गाड़ियां बस अड्डे व गंतव्य की ओर रवाना हो पाईं। पांच घंटे तक फंसे रहने के बाद यात्रियों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें