मंत्री ने जिले में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने के दिए निर्देश
जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में परियोजना सलाहकार समिति की बैठक आयोजित
साडा क्षेत्र भरमौर के तहत डोर टू डोर कचरा एकत्रीकरण व्यवस्था को लेकर उठाए जाएं आवश्यक कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना भरमौर के तहत लघु सचिवालय पट्टी के सभागार में आयोजित परियोजना सलाहकार समिति बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने वित्त वर्ष 2025-26 की द्वितीय तिमाही में विभिन्न विभागों की ओर से अर्जित उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में विधायक डॉ. जनक राज विशेष रूप से उपस्थित रहे। जगत सिंह नेगी ने जनजातीय उपमंडल भरमौर में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने उप मंडलीय प्रशासन को सड़क नेटवर्क के विस्तार को लेकर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ नियमित अंतराल के भीतर समीक्षा बैठक आयोजित करने को कहा।
उन्होंने लंबित संपर्क सड़कों और पुलों इत्यादि की विस्तृत सूचना उपलब्ध करवाने भी के निर्देश दिए। उन्होंने चोली- कुवांरसी संपर्क सड़क में प्रस्तावित हिक्किम पुल को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-4 शामिल करने तथा तुन्दा-बन्नी संपर्क मार्ग के तहत भद्रा गांव तक विस्तार देने के लिए निजी भूमि का अधिग्रहण शुरू करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। मंत्री ने राष्ट्रीय उच्च मार्ग 154-ऐ के अंतर्गत चंबा से भरमौर तक के विभिन्न स्थानों में प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त हिस्सों का जल्द निर्माण कार्य शुरू करने को कहा। बैठक में ऐतिहासिक एवं धार्मिक चौरासी मंदिर परिसर के समीप जनजातीय संग्रहालय स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। उन्होंने जल शक्ति विभाग की ओर से किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए सिंचाई योजनाओं को और विस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐतिहासिक एवं धार्मिक चौरासी मंदिर परिसर में अर्धगंगा के जल को बाहरी प्रदूषण से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को भी निर्देशित किया ।
उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं के निर्माण कार्यों के तहत सबसे पहले इंटेक सोर्स का निर्माण करने के पश्चात ही अन्य निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने वन विभाग की ओर से कार्यान्वित की जा रही महत्वाकांक्षी राजीव गांधी वन संवर्धन योजना की समीक्षा कर वन संपदा के विस्तार को लेकर आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने साडा क्षेत्र भरमौर के तहत डोर टू डोर कचरा एकत्रीकरण व्यवस्था को लेकर भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिए। उपमंडल मुख्यालय भरमौर के समीप वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय स्तर के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बॉयज हॉस्टल निर्माण करने के लिए प्रक्रिया शुरू करने को कहा। उन्होंने कृषि, उद्यान पशुपालन, मत्स्य पालन, ग्रामीण विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को संयुक्त जागरूकता शिविर लगाने के भी निर्देश दिए।