चंबा का खस्ताहाल बग्गा के पास भरमौरपठानकोट एनएच। संवाद
सड़क से मिटा तारकोल का नामोनिशान, खतरनाक हो सकता है वाहन चलाना
कई बार हो चुके हैं हादसे, फिर भी नहीं सुधारी जा रही है एनएच की हालत
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। बग्गा से लूणा तक एनएच पर सफर करना यात्रियों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। सड़क पर तारकोल का नामोनिशान मिट चुका है। गड्ढों व मिट्टी की भरमार है।
इनके ऊपर गाड़ी चलाना चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। इसी खस्ताहाल के कारण कई बार वाहन दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। इनमें कई लोग जान गंवा चुके हैं। बावजूद इसके एनएच की हालत को नहीं सुधारा जा रहा है। यात्रियों में केवल शर्मा, संतोष कुमार, प्रहलाद, सोभिया राम, अंगत राम, मचलू शर्मा और देसराज ने बताया कि 20 किलोमीटर का एनएच का यह भाग काफी खतरनाक होता जा रहा है। समय रहते यहां पर तारकोल नहीं बिछाई गई तो आने वाले समय में हालात और भी खराब हो सकते हैं। कुछ माह बाद मणिमहेश यात्रा भी शुरू होगी। उस दौरान हजारों वाहन और सैकड़ों श्रद्धालु पैदल यात्रा करेंगे। ऐसे में प्रशासन और एनएच प्राधिकरण को यात्रा शुरू होने से पहले सड़क की हालत को सुधारना चाहिए। उधर, एनएचएआई के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि सड़क की हालत में सुधार करने के लिए शीघ्र ही कार्य शुरू करवाया जाएगा।