चंबा। अगस्त की पेंशन न मिलने पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों में गहरा रोष है। पेंशनर कल्याण संगठन और सेवानिवृत्त कल्याण मंच ने चेतावनी दी है कि अब सहनशक्ति जवाब दे चुकी है और जल्द ही सरकार के खिलाफ सड़कों पर धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।
संगठन और मंच की पुराना बस अड्डा में हुई आपात बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूपिंद्र जसरोटिया ने की। बैठक में पदाधिकारी कुलदीप कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार पेंशनरों को मानसिक प्रताड़ना दे रही है। न तो 2016 का संशोधित वेतनमान दिया गया है, न लंबित डीए जारी हुआ है और न ही सेवानिवृत्ति की देय राशि समय पर उपलब्ध करवाई जा रही।
संयुक्त संघर्ष समिति के सदस्य शहनवाज ने कहा कि अब पेंशनरों को संघर्ष के लिए मजबूर कर दिया है। बैठक में देवेंद्र, शराफत, दीवान ठाकुर, देश राज, उत्तम, हरबंश सिंह और शक्ति प्रसाद समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।