चुराह (चंबा)। उपमंडल चुराह के तहत आती ग्राम पंचायत भंजराड़ू के 120 घरों में अंधेरा पसर गया है। इसके चलते ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गावं भंजराड़ू में लगा ट्रांसफार्मर जल गया है। ऐसे में ग्रामीण अब अंधेरे में सर्द रातें काटने को मजबूर हैं। वहीं, दूसरी तरफ बिजली गुल होने के चलते पुलिस थाना, डाकघर, ब्लॉक कार्यालय सहित छछरोग गांव में बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इस बारे वे बिजली बोर्ड को अवगत करवा चुके है। मगर अभी तक नया ट्रांसफार्मर स्थापित नहीं किया गया है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी रोष है।
जानकारी के अनुसार इस ट्रांसफार्मर के जरिये करीब 120 उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति हो रही है। ग्रामीण राकेश कुमार, उमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, जान मोहम्मद, अयूब खान, रत्न चंद, दिलीप सिंह, राज कुमार, देविया राम, रोशन लाल और नेक सिंह का कहना है कि पिछले करीब पांच दिन से बिजली की आंख-मिचौनी का क्रम जारी था। लेकिन, रविवार को अचानक ट्रांसफार्मर जल गया। इस कारण अब लोगों के घरों में अंधेरा पसर गया है। वहीं, दूसरी तरफ सरकारी कार्यालयों में भी बिना बिजली के कामकाज प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड से मांग की है कि जल्द से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न पेश आए।
यह मामला ध्यान में है। इससे पहले भी ट्रांसफार्मर रिपेयर कर लगाया था। अब ट्रांसफार्मर फिर जल गया है। ट्रांसफार्मर संबंधित डिमांड अधिकारियों को भेजी गई है। जैसे ही व्यवस्था होगी, नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया जाएगा।
अमित ठाकुर, सहायक अभियंता, बिजली बोर्ड