बनीखेत (चंबा)। नैनीखड्ड-मेल सड़क जगह-जगह भूस्खलन से बंद हो गई है। ऐनन माता मंदिर के पास कुछ दिन पहले हुए भूस्खलन के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही अभी तक बंद पड़ी हुई है। छोटे वाहन बड़ी मुश्किल से सड़क से गुजर रहे हैं। पिछले 15 दिन से लोग सड़क पर बस की राह ताक रहे हैं।
अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए लोगों को टैक्सी का सहारा लेना पड़ रहा है। बैली पंचायत के उपप्रधान जैसी राम ने बताया कि सड़क भूस्खलन होने के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है। ग्रामीणों को बस न चलने की वजह से परेशानी हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द दुरुस्त किया जाए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विजय वर्मा ने बताया कि बरसात के कारण भूस्खलन हुआ है। मौसम साफ होते ही सड़क को डंगा लगवाकर दुरुस्त करवा दिया जाएगा।