सलूणी (चंबा)। सियूल खड्ड के पास व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान हेमराज (50) पुत्र डीहना निवासी गांव डुघ, डाकघर किहार के रूप में हुई है। हेमराज शनिवार को अपने रिश्तेदार के घर मंजीर के लिए निकला था लेकिन रात होने तक वह वहां नहीं पहुंचा। परिजनों ने जब रात को उसे फोन किया तो उसने फोन भी नहीं उठाया। इसको लेकर परिजनों को चिंता हो गई।
परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी। रविवार शाम को जब परिजन और ग्रामीण उसे तलाश कर रहे थे तो सियूल खड्ड के पास उसका शव बरामद हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। हालांकि व्यक्ति की मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस उप अधीक्षक मयंक चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।