खज्जियार की तीनों पैराग्लाइडिंग साइटों पर हवा की गति और दिशा मापने के उपकरण नहीं
पायलट अनुमान से तय कर रहे उड़ान, रोजाना करीब एक हजार पर्यटक लेते हैं रोमांच का लुत्फ
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। खज्जियार की वादियों में पर्यटकों को आसमान की सैर करवाने वाली पैराग्लाइडिंग में सुरक्षा का अहम पहलू हवा के भरोसे है। उड़ान से पहले हवा की दिशा और गति का सटीक आकलन करने के लिए तीनों साइटों पर जरूरी उपकरणों की व्यवस्था नहीं है।
ऐसे में पायलट हवा के रुख का अनुमान लगाकर उड़ान भर रहे हैं। हवा की दिशा या गति में अचानक बदलाव होने पर पैराग्लाइडर का संतुलन बिगड़ने और हादसे की आशंका बनी रहती है। पूर्व में गलत लैंडिंग के दौरान पंजाब के एक पर्यटक की जान भी जा चुकी है, लेकिन सुरक्षा के इस बुनियादी पहलू पर अब तक पुख्ता व्यवस्था नहीं हो पाई है।
खज्जियार में मियाड़ी गला से द्रम्मण, टिक्कर से साच और दड़ोता से लाहड़ा तक तीन साइटों पर पैराग्लाइडिंग करवाई जा रही है। पर्यटन विभाग ने इन तीनों स्थलों को उड़ान की अनुमति दी है। इनमें दड़ोता-लाहड़ा साइट की अनुमति आगामी दो दिनों में समाप्त होने वाली है। हालांकि, अभी तक इसके नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। तीनों साइटों पर करीब 50 लाइसेंस धारक पायलट पर्यटकों को उड़ान करवाते हैं। प्रतिदिन लगभग एक हजार पर्यटक इस रोमांचक गतिविधि का आनंद लेते हैं। इतनी बड़ी संख्या में पर्यटकों की आवाजाही के बावजूद हवा की स्थिति पर नजर रखने के लिए उपकरणों का न होना सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की जरूरत को दर्शाता है।
हवा का मिजाज जानने के लिए नहीं उपकरण
पैराग्लाइडिंग में उड़ान और सुरक्षित लैंडिंग के लिए हवा की दिशा और गति की सटीक जानकारी जरूरी होती है। इसके लिए संबंधित स्थलों पर उपकरणों की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि पायलट अनुमान के बजाय वास्तविक आंकड़ों के आधार पर निर्णय ले सकें। खज्जियार की तीनों साइटों पर ऐसी व्यवस्था नहीं होने से उड़ान की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। एसडीएम चंबा चिराग शर्मा ने बताया कि मामले को लेकर जल्द ही पर्यटन अधिकारी और पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के साथ बैठक की जाएगी। पर्यटकों और पायलटों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।