चंबा के खज्जियार में घुड़सवारी का आनंद लेते पर्यटक।संवाद
खज्जियार (चंबा)। मिनी स्विटजरलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार पर्यटकों से गुलजार हो गया है। यहां पर दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के पर्यटकों का जमावड़ा लगा हुआ है। पर्यटकों की आमद बढ़ने से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों समेत घोड़ा मालिक और फोटोग्राफरों की पौबारह हो गई है। खैर अब पर्यटन कारोबारियों को पर्यटन सीजन के दौरान उनका कारोबार और बढ़ने की उम्मीद है। पर्यटक कैलाश पर्वत के दर्शन करने समेत काली माता मंदिर के दर्शन के अलावा प्राकृतिक छटा बिखेरने वाले पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने से पीछे नहीं रह रहे हैं। कुल मिलाकर खज्जियार में वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।
पर्यटन स्थल खज्जियार में पर्यटक घुड़सवारी का आनंद उठाने सहित पैराग्लाइडिंग करने का भी लुत्फ उठा रहे हैं। सैलानी मनमोहक प्राकृतिक नजारों का लुत्फ उठाने के साथ-साथ नाच-गाकर अपना समय व्यतीत कर रहे हैं। स्थानीय लोगों जगदीश कुमार, अशोक कुमार, नीलम कुमारी, अनिल कुमार, दिनेश कुमार आदि का कहना है कि बाहरी राज्यों के पर्यटकों की आमद बढ़ने से उन्हें अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।