डलहौजी (चंबा)। पर्यटक नगरी डलहौजी में बर्फबारी के बीच अठखेलियां लेने के लिए पर्यटकों की भीड़ जुटना शुरू हो गई है। पिछले दो दिनों में डलहौजी में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डलहौजी में बर्फबारी का आनंद उठाने के लिए पंजाब से ज्यादा संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। इस दौरान डलहौजी के डैनकुंड और लक्कड़मंडी में पर्यटक बर्फ में खूब अठखेलियां कर रहे हैं।
पर्यटकों की आमद बढ़ने से होटल व्यवसायियों के चेहरे खिल उठे हैं। क्योंकि पर्यटक न आने से व्यवसायी काफी निराश थे। कुछ दिन पहले डलहौजी और खज्जियार में बर्फबारी हुई थी। बर्फबारी की खबर मिलते ही पंजाब के पर्यटक डलहौजी का रुख कर रहे हैं। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में पर्यटन नगरी में सैलानियों की भीड़ उमड़ेगी।