सुंडला के पास अवैध खनन को लेकर बनाई गई सड़क को बंद करने के लिये माईनिंग विभाग खोदा गया गड्डा।
- फोटो : Chamba
चंबा। पांच सरकारी विभागों की संयुक्त टीम ने वीरवार को सुंडला में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इसमें पुलिस, वन, राजस्व, लोनिवि और खनन विभाग के अधिकारियों ने सुंडला के पास नाले को जाने वाली सड़क को जेसीबी लगाकर बंद करवाया। इस दौरान सड़क के बीच में एक बड़ा गड्ढा खोदा गया। इससे अब कोई भी ट्रैक्टर नाले में रेत निकालने के लिए नहीं जा सकेगा। इसके अलावा सड़क पर लगे रेत के बड़े-बड़े ढेर को भी संयुक्त टीम ने जब्त किया।
इस रेत को खनन विभाग नीलाम करेगा। नीलामी के दौरान जमा होने वाले राजस्व को सरकार के खाते में जमा करवाया जाएगा। पांच विभागों की संयुक्त टीम को एक साथ सुंडला में नाले में देख खननकारी वहां से रफ्फू चक्कर हो गए। जिले में अन्य स्थानों पर अवैध खनन करने वालों में भी इस कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने सरकारी विभागों को नदी-नालों में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी कर रखे हैं। इसके चलते विभिन्न विभागीय अधिकारी संयुक्त रूप से अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दे रहे हैं।
सुंडला के पास नाले में हो रहे अवैध खनन को लेकर काफी समय से शिकायतें मिल रही थी। नाले में सुबह से लेकर शाम तक टैक्टर से रेत निकालने का कार्य चलता रहता था। रेत के बड़े-बड़े ढेर सड़क किनारे लगे हैं। इन्हें खननकारी मनमर्जी के अनुसार बेचकर मुनाफा कमा रहे थे। जबकि खनन विभाग की ओर से नाले में खनन करने को लेकर कोई भी अनुमति नहीं दी गई है।
खनन अधिकारी ज्योति पुरी ने बताया कि सुंडला के पास पांच सरकारी विभागों की संयुक्त टीम ने अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। नाले को जाने वाली सड़क को जेसीबी से खोदकर बंद किया गया है।