चंबा। दिन : सोमवार, स्थान : मेडिकल कॉलेज से बालू मार्ग, समय : सुबह 10 बजे।
बालू से मेडिकल कॉलेज चंबा के लिए निकले मरीज और बाजार की ओर बढ़े लोग रास्ते में बह रहे गंदे पानी से गुजर रहे हैं। सुबह 10 बजे एक दोपहिया वाहन गुजरा तो कुछ लोगों पर पानी के गंदे छींटे पड़े। मुंह पर रुमाल रखे वे प्रशासन और नगर परिषद को कोसते हुए आगे बढ़ गए।
आधे घंटे तक यही स्थिति रही। लोग गंदे पानी के बीच गुजरते रहे और अपने आप को बचाते रहे। शहर की नालियों का सारा गंदा पानी पक्काटाला मोहल्ला से पानी की निकासी नाली बंद होने के कारण रास्ते पर बहता रहा।
सुबह 10:30 बजे स्थानीय निवासी गौरव वहां से गुजरे तो संवाददाता ने उनसे सवाल किए। उन्होंने बताया कि कई महीनों से गंदा पानी रास्ते पर बह रहा है न तो नगर परिषद इसका समाधान कर रही है और न ही प्रशासन की तरफ से कोई कदम उठाए जा रहे हैं।
कुछ दूर चलकर प्राथमिक पाठशाला के पास आ रहे राहगीर करण ने बताया कि इसी गंदगी के बीच रोजाना स्कूल के बच्चों को भी आवाजाही करनी पड़ती है। इससे उन्हें बीमारी की चपेट में आने का भी खतरा बना हुआ है। साथ ही यहां से गुजर रहे उमेश ने बताया कि बालू से मेडिकल कॉलेज जाने के लिए यह सबसे छोटा रास्ता है, लेकिन मौजूदा समय में लोगों को गंदगी के बीच से आवाजाही करनी पड़ रही है।
हल नहीं हुई समस्या
इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे राहगीर राकेश कुमार ने बताया कि यहां सड़क बनाने के लिए करोड़ों खर्च किए गए हैं, लेकिन राहगीरों को गंदगी से निजात अभी तक नहीं मिल पाई।
यह समस्या उनके ध्यान में है। जल्द ही इस निकासी नाली को ठीक करवाया जाएगा। लोगों की दिक्कतें जल्द खत्म होंगी। नीलम नैयर, अध्यक्ष, नगर परिषद चंबा