संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। चंबा-भरमौर नेशनल हाईवे पर साबनपुर के समीप टारिंग के कार्य में लगा एक टिपर अनियंत्रित होकर जल शक्ति विभाग कनिष्ठ अभियंता कार्यालय और आवास भवन पर जा गिरा।
यह हादसा सोमवार दोपहर के बाद पेश आया। गनीमत रही कि हादसे के समय जेेई आवास कार्यालय में कोई नहीं था। कनिष्ठ अभियंता जरूरी कार्य के चलते उच्च अधिकारी के पास गए थे। मशीनरी के माध्यम से टिपर को मुख्य सड़क पर लाने के लिए एनएच प्रबंधन ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार हाईवे मिनी सचिवालय से लेकर ददवां मोड़ तक एनएच प्राधिकरण ने तारकोल बिछाने का काम किया जा रहा है। साबनपुर के समीप जहां जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता का कार्यालय और आवास है, वहां पर डंगा जर्जर हालत में है।
इसकी जानकारी जल शक्ति विभाग के जेई ने तारकोल डाल रहे कामगारों को भी दी थी। मगर इस स्थान पर जैसे ही टिपर पहुंचा तो डंगा बैठ गया। इस कारण टिपर कार्यालय भवन पर जा गिरा। राहत की बात यह है कि इसकी चपेट में कोई नहीं आया। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता मंगल सिंह ने बताया कि कार्यालय के साथ डंगा खस्ता हालत में था। इस बारे कामगारों को बताया गया था। मगर दोपहर बाद डंगा बैठने से कार्यालय और आवासीय भवन टिपर गिर गया।