चंबा के चुराह में घर से मतदान करवाने के बाद बुजुर्ग मतदाता के साथ पोलिंग पार्टी।स्त्रोत प्रशासन
चंबा। लोकसभा चुनाव में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में वोट फ्रॉम होम के तहत 25 मई तक 1438 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
इनमें 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 1106 मतदाता, 327 दिव्यांग और पांच आवश्यक सेवाओं से संबंधित मतदाता शामिल हैं। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपस्वाल ने दी।
उन्होंने बताया कि भारतीय निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार वोट फ्रॉम होम के तहत प्रक्रिया 21 मई से शुरू की गई थी। इस सुविधा के तहत 25 मई तक चुराह विस क्षेत्र में 85 वर्ष और इससे से अधिक आयु के 202, 39 दिव्यांग मतदाताओं ने मतदान किया। भरमौर हलके में 85 वर्ष और इससे अधिक आयु के 207, दिव्यांग 49 और आवश्यक सेवाओं से संबंधित 5 अधिकारियों-कर्मचारियों ने वोट डाला। सदर विस क्षेत्र के तहत 85 वर्ष और इससे अधिक आयु के 210 व 41 दिव्यांग मतदाताओं ने वोट डाला।
डलहौजी हलके 85 वर्ष, इससे अधिक उम्र के 195 व 88 दिव्यांग, भटियात विस क्षेत्र में 85 वर्ष व इससे अधिक आयु के 292 और 110 दिव्यांग मतदाताओं ने मतदान किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 85 वर्ष या इससे अधिक आयु, दिव्यांग, कोरोना पॉजिटिव और आवश्यक सेवाओं में तैनात सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को वोट फ्रॉम होम की सूची में शामिल किया गया है। 85 वर्षों से अधिक आयु, दिव्यांग मतदाताओं से मोबाइल पोलिंग पार्टियां घर-द्वार मतदान करवा रही हैं। 25 मई को जिले में 1 दिन में 171 मतदाताओं ने घर-द्वार पर मतदान किया। इनमें 85 वर्ष वैसे अधिक आयु के 114 और 57 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।