चंबा। मौसम खुलते ही एनएच प्रबंधन और लोनिवि की मशीनरी भरमौर-पठानकोट एनएच सहित जिले की सड़कों को व्यवस्थित करने के कार्य में जुट गई है। वीरवार को लोनिवि मंडल डलहौजी के तीन मार्ग भूस्खलन से बंद हो गए। सड़कें बंद होने से नौकरीपेशा और अपने काम के सिलसिले में घरों से निकले लोगों को काफी परेशानी हुई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मशीनरी और लेबर ने दोपहर बाद सड़कों को यातायात के लिए बहाल किया।
गौरतलब है कि जिले में बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश के पांचवें दिन मौसम खुलते ही एनएच मंडल चंबा की टीम ने केरू, चमडोली, दुर्गेठी और दुनाली में एनएच को दुरुस्त किया। इस दौरान भूस्खलन की जद में संकीर्ण हुए एनएच को चौड़ा किया गया। वहीं, लोनिवि डलहौजी मंडल के तहत तीन मार्ग मौसम खुलने के बाद दरके पहाड़ों से बंद हो गए। इससे लोगों और चालकों को दिक्कत हुई। हालांकि, दोपहर बाद इन सड़कों को बहाल कर दिया गया। उधर, एनएच अथॉरिटी के एसडीओ कनव बड़ोत्रा ने कहा कि मौसम खुलते ही एनएच पर जगह-जगह पड़े मलबे को हटाया गया। साथ ही संकीर्ण जगहों को चौड़ा किया गया है।
पांचवें दिन भी नहीं मिले रावी में बहे पिता-पुत्र
भरमौर-पठानकोट एनएच पर दुनाली के पास भूस्खलन की जद में आकर रावी में समाई गाड़ी में सवार पिता-पुत्र का पांचवें दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया। हालांकि, ग्रामीणों, पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमें लापता पिता-पुत्र की तलाश में सुबह से लेकर देर शाम तक जुटी रही। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए ड्रोन का सहारा भी लिया लेकिन, उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। एएसपी विनोद धीमान ने बताया कि दुनाली के पास रावी नदी में लापता पिता-पुत्र की तलाश के लिए ड्रोन के जरिये भी सर्च ऑपरेशन जारी रखा गया। साथ ही पुलिस ने भी रावी का चप्पा-चप्पा छाना लेकिन, लापता लोगों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।