शादी समारोह में तीन लोगाें पर मारपीट का आरोप
पीड़ित ने पुलिस में दर्ज करवाई शिकायत
सलूणी उपमंडल के भदरोटू गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। शादी समारोह में छोटी सी बात पर बढ़े मामले में गुस्साए तीन लोगों ने एक व्यक्ति की जमकर धुनाई कर दी। समारोह में बिगड़े हालात को देखते हुए लोगाें ने पीड़ित को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दिए बयान में पीड़ित चमन लाल निवासी गांव जुटराहन डाकघर भुनाड़ तहसील सलूणी जिला चंबा ने आरोप लगाया कि 18 मई को वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए भदरोटू गया था। समारोह में पृथु राम, राजेश कुमार और नरेश कुमार बिना कारण ही उसके साथ बहसबाजी करने लगे। देखते ही देखते तीनों गालीगलौज पर उतर आए। तीनों को ऐसा करने से मना करने पर उन्होंने मारपीट करनी शुरू कर दी। मारपीट से उनके सिर और चेहरे पर चोटें आई हैं। डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दोनों पार्टियों को थाने बुलाया गया है। उनके बयान कलमबद्ध कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।