चुवाड़ी (चंबा)। काम के सिलसिले में घर से निकले एक व्यक्ति की तीन लोगों ने धुनाई कर डाली। पीड़ित ने एक व्यक्ति समेत दो महिलाओं के खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में मामला दर्ज करवा दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस में दी शिकायत में पंकज कुमार ने बताया कि छह जनवरी की सुबह 9:00 बजे जब वह अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर जा रहा था तो एक पुरुष और दो महिलाओं ने उसका रास्ता रोक कर बेवजह ही उसके साथ बहस करनी आरंभ कर दी। इसका विरोध करने पर उन्होंने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट करनी आरंभ कर दी। इस वजह से उन्हें गहरी चोटें लगी हैं। पीड़ित ने पुलिस विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।