26 से 30 जनवरी तक बिकेंगे स्वयं सहायता समूहों के उत्पाद
राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन देगा महिलाओं को मौका
खास खबर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा चौगान नंबर दो में 26 से लेकर 30 जनवरी तक साझा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। उत्सव के आयोजन को लेकर हाईकोर्ट से अनुमति मिल गई है। यह उत्सव पांच दिन तक चलेगा। इसमें प्रदेशभर के 80 स्वयं सहायता समूह भाग लेंगे। इस आयोजन के लिए खुली जगह की आवश्यकता थी। नगर परिषद चंबा के कार्यकारी अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि नगर परिषद ने हाईकोर्ट से चौगान नंबर दो में आयोजन को लेकर अनुमति मांगी थी। बहरहाल, हाईकोर्ट से अब हरी झंडी मिल गई है। अब प्रदेशभर के स्वयं सहायता समूहों की ओर से तैयार किए जा रहे उत्पाद चंबा में एक ही छत के नीचे मिलेंगे। नगर परिषद की ओर से राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत यह आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर में पंजीकृत स्वयं सहायता समूह भाग लेंगे और अपनी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे। नगर परिषद की ओर से उत्सव को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत उत्सव को आयोजित करने का मकसद प्रदेश की स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को राहत पहुंचाना है। उत्सव के जरिये हैंडलूम, हैंडीक्रॉफ्ट, वुडन क्राफ्ट सहित अचार और अन्य उत्पाद तैयार करने वाले स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार का मौका मिलेगा। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत पंजीकृत स्वयं सहायता समूह इसमें भाग लेंगे।