चंबा। जिले में तीन लोगों की मौत के साथ ही 117 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, 139 लोगों ने कोरोना को मात दी है। जिले में अब तक 9235 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से वर्तमान में 1363 लोग होमआइसोलेट और कोविड केयर सेंटरों में दाखिल हैं। जिले में अब तक 7751 लोग स्वस्थ भी हो चुके हैं।
सीएमओ डॉ. कपिल शर्मा ने बताया कि मंगलवार को तीन लोगों की कोरोना से मौत हो गई। इनमें चुराह विधानसभा क्षेत्र के चांजू निवासी 44 वर्षीय व्यक्ति 21 मई को रैट में भेजे गए सैंपल में कोरोना संक्रमित पाया गया। वह होम आइसोलेट था। मंगलवार को उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बघेईगढ़ से तीसा कोविड अस्पताल शिफ्ट किया जा रहा था लेकिन, उसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही एंबुलेंस में ही दम तोड़ दिया। मोतला निवासी 66 वर्षीय महिला की कोरोना संक्रमण से सोमवार को सुबह दस बजकर बीस मिनट पर मौत हो गई। महिला 13 मई को कोरोना संक्रमित पाई गई थी। महिला बुखार, खांसी सहित अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थी। उसने डीसीएच में सोमवार को दम तोड़ दिया। वहीं, घटासनी निवासी 75 वर्षीय व्यक्ति ने भी सोमवार शाम पौने पांच बजे दम तोड़ दिया।
उधर, आरटीपीसीआर लैब में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया, जिसे 21 मई को कोविड केयर अस्पताल में दाखिल करवाया गया। बुजुर्ग कोरोना सहित अन्य बीमारियों से भी पीड़ित था। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना से मौत का ग्रास बने लोगों के शवों को कोविड प्रोटोकॉल के तहत सैनिटाइज करवा कर जिपरैप करवाया। उसके बाद परिजनों को पीपीई किटें प्रदान की गईं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से मंगलवार को रैट में जांच के लिए भेजे गए 563 सैंपलों में से 509 निगेटिव और 54 सैंपल पॉजिटिव पाए गए। आरटीपीआरसी लैब में सोमवार को जांच के लिए भेजेे गए 298 सैंपलों में से 217 सैंपल निगेटिव, 18 सैंपल रिजेक्ट और 63 सैंपल पॉजिटिव पाए गए।
कोरोना संक्रमितों में जसौरगढ़, सलूणी, रठियार, अपर जुलाहकड़ी, साहो, भलोड़ी, सराहन, मुगला मोहल्ला, देवीदेहरा, ठंडापानी, बैली, बगढ़ार, दियोला, जसौरगढ़, चांजू, देहरा, बैरागढ़, गनेड़, लांघा, सालवां, जुंग्रा, डलहौजी, सेरी, डाकघर चूड़ी, गुवाड़ी, परेल, भनूई, सिढकुंड, सिंगगी, पुखरी, भरियाकोठी, गैहरा, मैहला, भरमौर, सुंडला, डियूर, सिंगी, कुंडी, किहार, पणताह, भुनाड़, किहार, किलोड़, बाथरी, चुवाड़ी, घटासनी, सिमनी, डलहौजी और गोली के लोग संक्रमित पाए गए, जिन्हें स्थिति अनुसार कोविड केसर सेंटरों और होम आइसोलेट किया गया है। बताया कि मंगलवार को 139 लोग स्वस्थ हुए हैं।