चंबा। ऑनलाइन दवाई मंगवाने वालों का पूरा रिकॉर्ड डिलीवरी कंपनी को रखना होगा। इसके लिए आठ कंपनियों को स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आदेश जारी किए गए हैं।
जिले में ऑनलाइन नशीली दवाइयों के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए यह आदेश जारी किए गए हैं। कई लोग जाली डॉक्टर की पर्ची दर्शाकर नशीली दवाई मंगवा रहे थे।
छह पर्चियों को भी विभाग ने पकड़ा है। इसमें एक पर्ची फोर्टिस अस्पताल सरोल की है जबकि सरोल में ऐसा कोई भी अस्पताल नहीं है। अब चंबा में ऑनलाइन सामान डिलीवर करने वाली कंपनियों को दवाई मंगवाने वाले सभी लोगों का मोबाइल नंबर, आधार कार्ड की कॉपी सहित नाम, पता लेना होगा।
हर महीने ये कंपनियां स्वास्थ्य विभाग को एक रिकॉर्ड बनाकर देंगी जिसमें ऐसे लोगों के नाम व पते दर्ज होंगे जिन्होंने ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियों से दवाई मंगवाई होगी।
विभाग ऐसे सभी लोगों की दवाई मंगवाने के लिए लगाई पर्ची की बारीकी से जांच करेगा। इसमें जिन लोगों की पर्ची जाली पाई जाएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नशीली दवाइयों के जाल में फंस रहे युवाओं को बचाने के उद्देश्य से विभाग ने यह कदम उठाया है। इससे नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगेगी।