बनीखेत (चंबा)। बनीखेत के ज्वाला माता चौक में शुक्रवार सुबह एक दुकान से शातिरों ने नकदी और चेक बुक पर हाथ साफ कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला।
जानकारी के मुताबिक ग्राम पंचायत पुखरी के ज्वाला माता चोक में नैनीखड्ड निवासी संदीप महाजन गाड़ियों के कलपुर्जों की दुकान करते हैं। शुक्रवार सुबह 10:30 बजे के करीब संदीप अपने एक ग्राहक से सामान के पैसे लेने के लिए कुछ समय के लिए बस अड्डे गए थे। जब वह लौट कर दुकान पर पहुंचे तो वहां पर पैसे का गल्ला देख चौंक गए। पैसों का गल्ला खुला था और उसमें रखी करीब 15 हजार की नकदी और दुकान के काउंटर में रखा बैग भी गायब था। बैग में दुकानदार की चेकबुक समेत अन्य कागजात थे। प्रभावित ने तुरंत समय न गंवाते हुए पुलिस चौकी बनीखेत में फोन कर चाेरी की घटना की सूचना दी। बनीखेत पुलिस ने मौके पर पहुंच कर अपने स्तर पर छानबीन आरंभ कर दी। टीम ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी देखी जिससे चोरों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा सकें लेकिन उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच में जुटी हुई है।
डलहौजी के डीएसपी हेमंत ठाकुर ने बताया कि चोरी की वारदात को लेकर छानबीन जारी है। दावा किया कि जल्द आरोपी जेल की सलाखों के पीछे होंगे।