चुवाड़ी (चंबा)। तहसील कल्याण अधिकारी महासंघ कार्यकारिणी की बैठक वचुर्अल माध्यम से हुई। इसमें प्रदेश सरकार की ओर लांच की गई इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के कार्यान्वयन में तहसील कल्याण अधिकारियों के कार्यालय को हो रहीं कठिनाइयों पर चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने कहा कि महासंघ ने निर्णय लिया है कि शनिवार को सभी जिलों के जिला कल्याण अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। यदि एक महीने के भीतर सरकार ने डाटा एंट्री ऑपरेटर और फील्ड सहायक नियुक्त करने को लेकर उचित कदम नहीं उठाए तो महासंघ योजना के अधीन अगली किस्त भेजने से पूर्व योजना संबंधित कार्य के विरोध का निर्णय लेगा।
बैठक में सदस्यों ने डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं फील्ड सुपरवाइजर नियुक्त करने की मांग पर कोई कार्रवाई न होने पर चिंता जताई। कहा गया कि योजना के अधीन कार्यालयों में आवेदन पत्रों का अंबार लगा है। इन्हें सुव्यवस्थित ढंग से रखने की न तो कार्यालय में जगह है और न ही प्रबंधन करने के लिए पर्याप्त स्टाफ है। कई तहसील कल्याण अधिकारी तो दो से तीन तहसीलों का अतिरिक्त कार्यभार भी संभाल रहे हैं। ऐसे में विभाग तहसील कल्याण अधिकारियों पर आवेदनों की छंटनी और डाटा एंट्री को लेकर दबाव बना रहा है।