चंबा। नए साल की शुरुआत चंबा जिले के लिए विकास की नई उम्मीदें लेकर आई है। लंबे समय से जिन परियोजनाओं का लोग इंतजार कर रहे थे, अब वे जमीन पर उतरती नजर आ रही हैं। करोड़ों की लागत से नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज सरोल में शिफ्ट होने की आस अब नव वर्ष में है।
इससे जिलेभर की पौने छह लाख की आबादी को स्वास्थ्य लाभ के लिए दर-दर नहीं भटकना पड़ेगा। सरकार की ओर से सरोल में मेडिकल कॉलेज का भवन बनकर पूरी तरह से करीब-करीब तैयार है। साल 2025 में मिंजर मेले के दौरान मुख्यमंत्री के चंबा आगमन पर यह लाभ लोगों को मिलने की आस रही, लेकिन मुख्यमंत्री के चंबा आगमन न होने से यह कार्य अधर में ही लटका रह गया था। लिहाजा अब नए साल में लोगों को कॉलेज शिफ्ट होने की की उम्मीद है।
पक्काटाला-बालू मार्ग पर शुरू होगा आवाजाही
पक्काटाला-बालू मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से आरंभ होगी। इससे बालू समेत दर्जनों पंचायतों से मुख्यालय में पहुंचने वाले लोगों को आसानी होगी। इससे पूर्व तीन किमी का सफर तय कर वाया बालू,शीतला ब्रिज, बारगाह-भरमौर से होते हुए मुख्यालय में पहुंचना पड़ रहा है।
पार्किंग और बहुमंजिला कॉम्पलेक्स का काम होगा शुरू
नए साल में पुराने बस स्टैंड सपड़ी में 200 वाहनों की पार्किंग और बहुमंजिला कॉम्पलेक्स का कार्य भी आरंभ होने की उम्मीद है। सदर विधायक के प्रयासों से यह कार्य आरंभ होने जा रहा है। पार्किंग और बहुमंजिला कॉम्पलेक्स बनने से वाहन चालकों समेत स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के साधन भी मिलेंगे।
चुवाड़ी में होगा कोर्ट परिसर, सीवरेज से जोड़ने की योजना
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया के विधानसभा क्षेत्र भटियात में लोगों को 60 से 70 किमी का सफर तय कर डलहौजी का रुख करने से छुटकारा मिल सकता है। चुवाड़ी में ही कोर्ट परिसर खोलने की योजना है। इससे क्षेत्र की 68 पंचायतों के बाशिंदों को बड़ा लाभ मिलेगा। इसके अलावा चुवाड़ी नगर में सीवरेज योजना से जोड़ने की भी योजना है। इससे नगर पंचायत चुवाड़ी की 10 हजार की आबादी लाभान्वित होगी।