जिले के सबसे बड़े अस्पताल में दर्द निवारक इंजेक्शन भी नहीं
मेडिकल कॉलेज में मरीजों की सेहत पर भारी पड़ रही अव्यवस्था
चार दिन से लिफ्ट बंद, ग्लव्ज भी बाजार से खरीद रहे मरीज
चंबा। जिले के सबसे बड़े अस्पताल मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्था मरीजों की सेहत पर भारी पड़ रही है। चार दिन से आपातकालीन कक्ष के पास स्थापित लिफ्ट बंद पड़ी हुई है। तीमारदार मरीजों को स्ट्रेचर या व्हीलचेयर से एक से दूसरे स्थान तक लाने और ले जाने के लिए मजबूर हैं।
अस्पताल में दर्द निवारक इंजेक्शन (पैंटॉप) समेत ग्लव्ज भी मरीजों को अपने स्तर पर बाजार से खरीद कर लाने पड़ रहे हैं। हालांकि, प्रबंधन के अधिकारी एक-दो दिन में दवाइयों की सप्लाई पहुंचने का दावा कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि दो दिन के भीतर दवाइयों की खेप नहीं पहुंची तो मरीजों को इंजेक्शन (एनएस) लगवाने के लिए बाजार से खरीद कर लाना पड़ेगा।
शहरवासियों डॉ. डीके सोनी, सुरेश कश्मीरी, अजितेश शर्मा, मंगलेश शर्मा, शादी लाल शर्मा, किशोर शर्मा, विनोद शर्मा, मुकेश कुमार आदि ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्था मरीजों की सेहत पर भारी पड़ रही है। मेडिकल कॉलेज में पांच विधानसभा क्षेत्रों की पौने छह लाख की आबादी इलाज के लिए निर्भर है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जालम भारद्वाज ने बताया कि लिफ्ट को दुरुस्त करने के लिए इंजीनियर पहुंच गया है। जल्द लिफ्ट सुचारु होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि दवाइयों का टेंडर दूसरे वेंडर को किया गया है। एक-दो दिन में दवाइयों की खेप पहुंचने की उम्मीद है।