चंबा। बस को न रोकने पर एक युवक ने बस के आगे कार खड़ी कर चालक से हाथापाई शुरू कर दी। बस में सवार विद्यार्थी जब चालक का पक्ष लेने लगे तो उनके साथ भी व्यक्ति धक्कामुक्की करने लगा। इससे नाराज विद्यार्थी और चालक-परिचालक अपनी शिकायत को लेकर जिलाधीश के पास पहुंचे।
इसमें उन्होंने उपायुक्त को बताया कि शुक्रवार को जब सुबह 8:30 बजे लग्गा से सरकारी बस चंबा की तरफ जा रही थी तो उस बस में सवारी को बैठाने के लिए कोई जगह नहीं थी। जब बस पल्युर पहुंची तो एक लड़की ने बस को रोकने की कोशिश की लेकिन बस में जगह नहीं होने के कारण चालक ने बस को नहीं रोका। इतने में लड़की का भाई पीछे से कार लेकर आया और कुछ दूर जाकर बस के आगे कार को बीच में खड़ा कर दिया और चालक से गालीगलौज शुरू कर दिया। जब चालक ने बस नहीं रोकने का कारण बताया तो इसको लेकर भी युवक आगबबूला हो गया और हाथापाई करने लगा।
जब बस में सवार अन्य विद्यार्थियों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो वह उन पर भी गुस्सा हो गया और उन्हें धमकाने लगा। कुछ ही देर में युवक का पिता भी वहां पहुंच गया और वह भी चालक के साथ विद्यार्थियों को डराने लगा। मामले की सूचना मिलते ही चंबा से पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए लेकिन बस में सफर कर रहे विद्यार्थियों ने चंबा पहुंचकर कॉलेज जाने के बजाय उपायुक्त से चालक से मारपीट करने वाले लोगों की शिकायत की।
साथ ही मांग की कि उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस विवाद के चलते लिग्गा, साहो, पल्युर सहित अन्य इलाकों के 50 विद्यार्थी शुक्रवार को दोपहर तक कॉलेज में पढ़ाई करने नहीं जा सके। विद्यार्थियों संजीव, पल्लवी, परविंद्र, लेख राज, अश्वनी, योगराज, किरण, ममता, मृदुला और दीक्षा सहित अन्य विद्यार्थियों ने बताया कि लिग्गा से चंबा के लिए सुबह दो सरकारी बसें और चलाई जानी चाहिए। उपायुक्त डीसी राणा ने उन्हें उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।