चंबा से 15 किमी पीछे ही थम गए बस के पहिये
चंबा-दिल्ली रूट की बस का चनेड़ के पास हुआ टायर पंक्चर
लंबे रूटों की बसों के हाल भी बेहाल, काफी देर तक परेशान रहे यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चंबा-दिल्ली रूट पर चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस वीरवार को चंबा से मात्र 15 किलोमीटर पहले ही तकनीकी खराबी के चलते रुक गई। जानकारी के अनुसार चनेड़ के पास सुबह 10 बजे अचानक बस का टायर पंक्चर हो गया, जिससे बस वहीं सड़क किनारे खड़ी हो गई और यात्रियों को काफी देर तक परेशानियों का सामना करना पड़ा।
भीषण गर्मी के बीच सड़क किनारे खड़े यात्री बार-बार चालक और परिचालक से समस्या के समाधान की उम्मीद करते रहे, लेकिन कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। यात्रियों ने बताया कि पहले से ही लंबी दूरी की बसों की हालत काफी खस्ता है और नियमित रूप से इस तरह की तकनीकी दिक्कतें सामने आती हैं। लगभग एक घंटे के बाद टायर को बदलने के बाद बस निर्धारित रूट के लिए रवाना हुई।
यात्रियों केशव कुमार, रमन कुमार, देस राज, अमीर चंद, धर्म सिंह, मीना देवी, सरोज देवी आदि का कहना है कि इतना लंबा सफर करने के बाद बस बीच राह में रुक गई। सुबह दस बजे चनेड़ के पास बस का टायर पंक्चर हो गया। ऐसे में यात्री काफी घबरा गए। कहा कि यही बस मंगलवार को भी बनीखेत के पास खराब हुई थी। इस कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने परिवहन निगम से मांग की है कि लंबे रूटों पर खटारा बसों को न भेजें।
अड्डा इंचार्ज शशि कुमार का कहना है कि बस का टायर पंक्चर होने से समस्या उत्पन्न हुई थी। टायर को बदला गया था, जिस कारण थोड़ी देर हुई थी।