खज्जियार (चंबा)। चंबा जिला के पर्यटन स्थल खज्जियार गेट के पास बणी क्षेत्र में 33 केवी सब स्टेशन बनाने की योजना एक साल से अधूरी पड़ी हुई है। बजट की कमी के कारण इस महत्वाकांक्षी योजना पर कोई काम नहीं हो पा रहा है, जबकि ग्रामीण लंबे समय से इस सब स्टेशन का इंतजार कर रहे हैं। बिजली बोर्ड का दावा है कि लगभग सात करोड़ रुपये के बजट का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है और अगले वर्ष मार्च तक इस योजना को पूरा किया जा सकता है। हालांकि, इस बीच क्षेत्र में सर्दियों के महीनों में बिजली की समस्या लगातार बनी रहती है। बार-बार बिजली गुल हो जाती है, और ग्रामीणों को सर्द रातों का सामना अंधेरे में करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने सब स्टेशन के निर्माण के लिए अपनी जमीन भी बिजली बोर्ड को दे दी थी, लेकिन अब बजट न आने का बहाना बनाकर बोर्ड कार्य शुरू करने से बच रहा है। तिलक राज, चंद्रेश कुमार, अमर सिंह, किशोरी लाल, ब्रिज लाल, रमेश कुमार, सन्नी कुमार और सुनील कुमार कहना है कि हमने उम्मीद जताई थी कि सब स्टेशन से हमें अघोषित बिजली कटौती और खराब सप्लाई से निजात मिलेगी, लेकिन अब हमें लग रहा है कि हमारी उम्मीदें टूट रही हैं।
इन क्षेत्रों को मिलना था लाभ
इस 33 केवी सब स्टेशन के निर्माण से खज्जियार, मंगला, रठियार, द्रम्मण, साच, बसाेधन, रिंडा और सिंगी क्षेत्रों की सैकड़ों की आबादी को फायदा होगा। इन क्षेत्रों में बिजली सप्लाई की स्थिति बेहतर हो जाएगी और अघोषित कटौती और बिजली गुल होने की समस्या से निजात मिलेगी।
बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता राजीव ठाकुर ने बताया कि बजट के प्रस्ताव को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। जैसे ही स्वीकृति मिलती है, सब स्टेशन के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कर दिया जाएगा।