चंबा। ग्राम पंचायत सनवाल में सवा करोड़ के सेब के पौधों की खरीद-फरोख्त मामले में पुलिस अब चार वार्ड सदस्यों को गिरफ्तार कर सकती है। इस मामले में आठ गिरफ्तारियां पहले हो चुकी हैं। अभी तक चार वार्ड सदस्य पुलिस की पूछताछ से बचे हुए हैं, हालांकि उनके खिलाफ भी तीसा थाना में प्राथमिकी दर्ज है। ऐसे में अब पुलिस किसी भी समय उनकी गिरफ्तारी कर सकती है या उन्हें पूछताछ के लिए बुला सकती है।
इस मामले में पूर्व जिला परिषद सदस्य, पंचायत प्रधान, उपप्रधान सहित कनिष्ठ अभियंता व अन्य कर्मचारी गिरफ्तार किए गए थे। जिन्हें बाद में अदालत से जमानत मिलने के उपरांत छोड़ा गया। पुलिस इस मामले में अपनी तहकीकात को अब आगे बढ़ा रही है। पुलिस यह भी देख रही है कि इन वार्ड सदस्यों की गिरफ्तारी जांच पूरी करने के लिए जरूरी है या नहीं। उसके मुताबिक ही कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि सेब पौधों की खरीद-फरोख्त में गड़बड़ी करने के मामले में आगामी जांच चल रही है। जल्द ही इसमें कार्रवाई की जा सकती है।