चंबा। राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल चंबा ने अपना वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया। इस दौरान स्कूल विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में गणेशा वंदना, पंजाबी गिद्दा और देशभक्ति के गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां पेश कीं। आज की बेटियां किसी से कम नहीं, को लेकर दी प्रस्तुति ने सबका मन मोहा।
इस दौरान उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने समारोह में मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने स्कूल के होनहार विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। साथ ही उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं भी दी। मुख्यातिथि ने कहा कि प्रबंधन की तरफ से उन्हें जानकारी दी गई है कि स्कूल का हर विद्यार्थी समारोह में प्रस्तुति देता है। इसके चलते यह समारोह चार से पांच दिन तक चलता है, जो कि एक सराहनीय कदम है। बच्चों को पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी अव्वल होना चाहिए। अंत में उपायुक्त ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
प्रधानाचार्य संजीय सूरी ने बताया कि चंबा के बच्चों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा देना ही उनका एकमात्र लक्ष्य है। इस लक्ष्य को पूर्ण करने में स्कूल के सभी अध्यापक और अभिभावक अपना सहयोग दे रहे हैं। यही वजह है कि उनके स्कूल के कई विद्यार्थी आज अपना नाम रोशन कर रहे हैं। इसमें कनिष्का कुमारी, अनुष्का शर्मा, श्रेया कौशल, ओजस शर्मा, विहान और सारांश महाजन सहित अन्य शामिल रहे।