चंबा। नगर परिषद चंबा के तहत आने वाले वार्डों में रहने वाले लोगों को अब अंधेरे में ठोकरें नहीं खानी पड़ेंगी, क्योंकि शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का कार्य शुरू होने जा रहा है। स्ट्रीट लाइटों में लगने वाले ड्राइवर की नई खेप प्राप्त हो गई है, जिसे जल्द ही लाइटों में लगाया जाएगा। इसके बाद बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें दुधिया रोशन हो जाएंगी। इससे दुधिया रोशनी से गलियों में अंधेरा खत्म होगा।
नगर परिषद चंबा ने एक निजी कंपनी से स्ट्रीट लाइटों के ड्राइवर की मांग की थी, जिसे अब आपूर्ति कर दी गई है। लंबे समय से स्ट्रीट लाइटों के ड्राइवर खत्म होने के कारण ये लाइटें खराब हो गई थीं, जिससे शहर के कई इलाकों में अंधेरा छाया हुआ था।
लेकिन अब मरम्मत का कार्य शुरू होने से लोगों को रोशनी से भरपूर सुरक्षित गलियां मिलेंगी। नगर परिषद चंबा के 11 वार्डों सुल्तानपुर, हरदासपुरा, जुलाहकड़ी, सपड़ी, कसाकड़ा, हटनाला, धड़ोग, सुराड़ा, चौंतड़ा, जनसाली और चौगान में यह कार्य किया जाएगा।
इन सभी क्षेत्रों में नगर परिषद द्वारा लोगों की सुविधा के लिए स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं, लेकिन खराबी के कारण ये कई महीनों से बंद थीं। नए ड्राइवर लगने के बाद ये फिर से सुचारू रूप से काम करने लगेंगी।
नगर परिषद चंबा की कनिष्ठ अभियंता नितिका ने बताया कि नगर परिषद को पर्याप्त संख्या में ड्राइवर मिल चुके हैं और अब उनकी मरम्मत का कार्य जारी है। कंपनी द्वारा गत सप्ताह इनकी आपूर्ति की गई थी, जिससे नगर परिषद ने तुरंत सुधार कार्य शुरू कर दिया है। संवाद