तीसा (चंबा)। नकरोड़-चांजू सड़क पर नकरोड़़ चौकी के समीप एक पेड़़ की वजह से वाहनों के पहिये थम गए। शुक्रवार दोपहर 1:10 बजे के करीब नकरोड़ से चांजू रूट पर निजी बस जा रही थी। जैसे ही बस नकरोड़ चौकी के समीप पहुंची तो सड़क की तरफ झुका पेड़ बस की छत से टकरा गया। चालक ने बस को आगे ले जाने की कोशिश की तो बस की छत बार-बार उससे टकरा रही थी।
इससे बस की पौड़ी भी टूट गई। दो दिन से यह पेड़ सड़क की ओर झुक रहा था। बहरहाल विभागीय अधिकारी ने लेबर को मौके पर भेज कर पेड़ कटवा कर यातायात सेवाओं को बहाल करवाया। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही होने से लोगों ने राहत की सांस ली। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि शाम करीब पांच बजे पेड़ को काट कर यातायात व्यवस्था बहाल करवा दी है।