पांगी (चंबा)। संसारी-कुल्लू-मनाली बीआरओ सड़क 12 घंटे यातायात के लिए बंद रही। जंगल कैंप के समीप सोमवार को शाम 6 बजे सड़क भूस्खलन से यातायात के लिए बंद हो गई। ऐसे में किलाड़ में स्कूटी दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को लेकर रात 9 बजे एंबुलेंस पहुंची लेकिन, सड़क बंद होने की सूरत में सात घंटे तक एंबुलेंस भी यहीं फंसी रही। काफी इंतजार करने के बाद आखिरकार एंबुलेंस चालक ने मार्ग बहाल न होने की सूरत में घायल को वापस किलाड़ अस्पताल पहुंचाया और दाखिल करवाया। मंगलवार सुबह छह बजे संसारी-कुल्लू-मनाली बीआरओ सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल हो पाई।
सोमवार दोपहर बाद मुख्यालय किलाड़ बस अड्डे के समीप एक बोलेरो कैंपर और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे में स्कूटी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को लोगाें ने उठा कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने घायल को प्राथमिक उपचार देकर दाखिल किया। घायल की तबीयत बिगड़ने पर चिकित्सक ने उसे कुल्लू रेफर किया। कुल्लू के लिए एंबुलेंस मरीज को लेकर रवाना हुई लेकिन, संसारी-कुल्लू-मनाली सड़क पर जंगल कैंप में भूस्खलन से सड़क बंद थी। एंबुलेंस चालक और मरीज के तीमारदारों ने बीआरओ के कर्मचारियों से सड़क बहाली का आग्रह किया लेकिन, पहाड़ी से बार-बार गिर रहे पत्थरों का हवाला देते हुए सड़क बहाल न हो पाने की बात कही गई। इसके बाद थकहार कर एंबुलेंस चालक काफी इंतजार के बाद घायल को लेकर किलाड़ लौट आया। उधर, उप मंडल दंडाधिकारी अमनदीप ने बताया कि भूस्खलन से मार्ग बंद रहा। मंगलवार सुबह 6 बजे के करीब मार्ग बहाल करवाकर लोगाें को राहत दी गई।