क्षतिग्रस्त हो चुकी सड़क से गुजरते समय यात्रियों और चालकों को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। चंबा-साहो मार्ग पर पिछली बरसात में हुए भूस्खलन से सड़क कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। खासकर पल्यूर, मरेड़ी और मासड़ के मोड़दार हिस्से संकरे और जोखिम भरे हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि इस डंगे के धंसने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है क्योंकि चंबा-साहो मार्ग पर रोजाना 9 संपर्क मार्गों से सैकड़ों दोपहिया और चौपहिया वाहन गुजरते हैं। तंग मोड़ और डंगे धंसे होने से दुर्घटनाओं की संभावना लगातार बढ़ रही है। कई बार वाहन टकराने की घटनाओं से हादसा टला लेकिन खतरा जस का तस है।
स्थानीय निवासियों में सोहनलाल, पवन कुमार, अक्षय कुमार, कमल सिंह, मुहम्मद याक़ूब, यासीन मुहम्मद, मनोज कुमार और अभिषेक कुमार ने कहा कि तंग मोड़ों को चौड़ा किया जाए। क्षतिग्रस्त हिस्सों की तुरंत मरम्मत हो जिससे सड़क सुरक्षित बनी रहे ताकि भविष्य में कोई अनहोनी न हो। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता दिनेश कुमार ने बताया कि सड़क के कुछ हिस्सों पर डंगे धंसने से मार्ग तंग हो गया है। उन्होंने कहा कि विभाग शीघ्र सड़क के चौड़ीकरण और मरम्मत के काम में जुटा है।