चुराह (चंबा)। चंबा-तीसा मार्ग पर सरेला नाले के पास खस्ताहाल सड़क के कारण मंगलवार को भी वाहनों की आवाजाही बहाल नहीं हो सकी। एक सप्ताह से इस मार्ग पर बसों सहित सभी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद पड़ी हुई है, जिससे लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।
सड़क का करीब 50 मीटर हिस्सा पूरी तरह टूटकर दलदल में तब्दील हो गया है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि जहां वाहन चलना असंभव हो गया है, वहीं पैदल गुजरना भी जोखिम भरा हो गया है। मजबूरी में लोगों को अपना सामान पीठ पर उठाकर करीब 100 मीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है।
इससे बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी राकेश कुमार, अमित कुमार, जोगिंद्र सिंह, सुनील कुमार, केवलव सिंह और लाल चंद ने बताया कि सड़क का प्रभावित हिस्सा दलदल में बदल चुका है, जिससे फिसलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मार्ग को शीघ्र बहाल करने की मांग की है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संजीव अत्री ने बताया कि विभाग की मशीनरी और कर्मचारी दिन-रात मौके पर तैनात हैं और सड़क बहाली के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लगातार भूस्खलन और दलदल की स्थिति के कारण कार्य में भारी कठिनाइयां आ रही हैं। सड़क का जो हिस्सा तैयार किया जाता है, वह कुछ ही घंटों में नदी की ओर बैठ जा रहा है, जिससे काम प्रभावित हो रहा है। विभाग की ओर से जल्द मार्ग बहाल करने के प्रयास जारी हैं।