सलूणी (चंबा)। विधानसभा क्षेत्र डलहौजी के विकास खंड सलूणी के वार्ड गुठाण से नाग मंदिर तक टाइलें बिछाए जाने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। इस मार्ग पर करीब तीन लाख रुपये की राशि खर्च की गई है, जिससे अब आवाजाही सुगम हो गई है।
इससे पहले बरसात के मौसम में इस रास्ते पर वाहन फिसलने का डर बना रहता था, लेकिन टाइलें बिछने के बाद इस समस्या का समाधान हो गया है। पंचायत प्रतिनिधियों, समाज सेवियों और ग्रामीणों ने इस कार्य के लिए डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर, चंबा-कांगड़ा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और बीडीओ सलूणी कंवर सिंह का आभार व्यक्त किया है।
बीते माह गुठाण और देवगाह क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल डलहौजी विधायक से मिला था और मार्ग पर टाइलें बिछाने की मांग उठाई थी। इसके बाद विधायक ने क्षेत्र का दौरा किया और चंबा-कांगड़ा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज से तीन लाख रुपये की राशि की मांग की। राशि स्वीकृत होने के बाद नाग मंदिर से गुठाण तक टायल बिछाने का कार्य पूरा किया गया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मदन ठाकुर, पूर्व पंचायत समिति सदस्य दिनेश कुमार, पूर्व वार्ड मेंबर विद्या देवी, वार्ड मेंबर रेखा देवी, मुडाह के वार्ड मेंबर प्रवीन कुमार, सलूणी के प्रधान मान सिंह, उपप्रधान अनिल ठाकुर, नाग मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुमित शर्मा, कर्म सिंह और राकेश कुमार ने खुशी जताई है।