जनजातीय क्षेत्र होली में राजमा, देसी माह और कुलथ की पैदावार प्रभावित
बागवान बोले, अधिकतर बारिश की वजह से पौधों में नहीं लग पाए पर्याप्त फूल
संवाद न्यूज एजेंसी
होली (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र होली में लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जरूरत से अधिक नमी मिलने से राजमा, देसी माह और कुलथ के पौधों की ग्रोथ तो अच्छी हुई है लेकिन अधिक बारिश के कारण पौधों में पर्याप्त फूल नहीं लग पाए हैं। इसका असर दालों की पैदावार पर पड़ने की आशंका है।
क्षेत्र के किसानों और बागवानों में रोशन लाल, अमित कुमार, संजीव कुमार, राज कुमार, देवी चंद, अमरो राम, गुड्डू और किंटू का कहना है कि बारिश के कारण खेतों में पौधे तेजी से बढ़े लेकिन फूल आने के समय मौसम अनुकूल नहीं रहा। कई स्थानों पर पौधों में फूल कम लगने के कारण फलियां भी कम बनने की संभावना है। ऐसे में इस बार उत्पादन में गिरावट दर्ज हो सकती है। होली क्षेत्र में हर वर्ष करीब 70 क्विंटल राजमाह, देसी माह और कुलथ की पैदावार होती है। इन फसलों से स्थानीय किसानों को अच्छी आमदनी होती है। किसानों के अनुसार इस बार मौसम की मार के चलते सामान्य उत्पादन हासिल करना मुश्किल लग रहा है। यदि आगामी दिनों में मौसम साफ रहता है तो बची हुई फसल को कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन फिलहाल किसान पैदावार कम होने की आशंका जता रहे हैं।