चंबा। जिले में लोगों के साथ दोस्ताना माहौल बनाकर पुलिस नशे और अपराध पर लगाम कसेगी। यह बात बतौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पदभार संभालने के बाद हितेश लखनपाल (एचपीएस-2010 बैच) ने कही। उन्होंने साफ किया कि बच्चों को नशे से बचाने पर विशेष काम होगा। उन्होंने कहा कि स्कूलों, आईटीआई, मेडिकल कॉलेज और गोद लिए गांवों में पुलिस टीम जाकर छात्रों को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक करेगी। बढ़ते चिट्टे के मामलों पर भी खास निगरानी रखी जाएगी।
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए जल्द ही नया ट्रैफिक प्लान बनेगा। इसके लिए प्रबुद्धजनों, व्यापार मंडल और सामाजिक संगठनों से भी राय ली जाएगी।
महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चौगान और आसपास पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। नाइट, इवनिंग और फुट पेट्रोलिंग शुरू होगी, वहीं सायरन युक्त पुलिस वाहन तैनात रहेगा, ताकि कोई भी महिला असुरक्षित महसूस न करे।
एएसपी लखनपाल ने कहा कि साइबर क्राइम रोकने के लिए भी विशेष रणनीति बनाई जाएगी। इससे पहले वह कांगड़ा में एएसपी और हमीरपुर व मंडी में डीएसपी के पद पर सेवाएं दे चुके हैं।