व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने सात लोगों से की पूछताछ
जुकयाणी गांव में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था नेगी राणा का शव
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। जुकयाणी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले नेगी राणा की मौत के मामले में पुलिस ने वीरवार को सात लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने तीन से चार लोगों को थाने में तलब किया जबकि शक के आधार पर कुछ लोगों से गांव में जाकर भी गहनता से पूछताछ की। पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मामले में यह भी सामने आया है कि घटनास्थल से बरामद मोबाइल फोन एक अनपढ़ व्यक्ति का है। उक्त मोबाइल कई समय पहले चोरी हो गया था लेकिन व्यक्ति ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज नहीं करवाई थी। घटनास्थल से चोरी हुआ मोबाइल बरामद होना भी जांच के लिहाज से अहम कड़ी माना जा रहा है।
वहीं, मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। सियुल खड्ड के तट पर दोपहर बाद हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
नेगी राणा का शव बुधवार को जुकयाणी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया था। आशंका है कि जहां शव मिला, वहीं उसके साथ मारपीट या हमला किया गया। शव मिलने का स्थान मृतक के ढाबे से काफी दूर है। ऐसे में पुलिस घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और मृतक के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है।
पूछताछ में शामिल दो लोगों से बुधवार को भी पूछताछ की गई थी और वीरवार को दोबारा पूछताछ की गई। डीएसपी सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि तीन से चार लोगों को थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया, जबकि गांव में भी शक के आधार पर लोगों से पूछताछ की गई है। पुलिस ने अपने मुखबिर भी सक्रिय कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।